छत्तीसगढ़

दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मज़दूर कल्याण योजना

मुंगेली, 25 मार्च 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेश के हितग्राहियों को बड़ी आर्थिक सौगात प्रदान की। बलौदाबाजार-भाटापारा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने डीबीटी के जरिए भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि अंतरित की। इस योजना के तहत मुंगेली जिले के 20 हजार 500 से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में 600 करोड़ रुपये का प्रावधान कर इस योजना को और मजबूती दी गई है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को स्थिरता, सम्मान और आत्मविश्वास मिलेगा।
इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट के जनदर्शन कक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता और छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना गरीब मजदूरों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कांत पांडेय ने कहा कि सरकार किसान से लेकर आमजन तक सभी की चिंता कर रही है और बच्चों की शिक्षा व संस्कार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता राशि मिलने से भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने अपील की कि जो पात्र हितग्राही अब तक पंजीयन से वंचित हैं, वे शीघ्र पंजीयन कराकर योजना का लाभ लें। अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को योजना से जोड़ा जा रहा है तथा पंजीयन प्रक्रिया भी सतत जारी है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित, हितग्राहियों साझा किए अनुभव

कार्यक्रम के दौरान 17 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम मजगांव के श्री तुलसीराम बंदे ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे बच्चों की पढ़ाई एवं घरेलू आवश्यकताओं में करेंगे। ग्राम बलौदी के श्री पवन तिवारी ने इसे परिवार के लिए संबल बताया, वहीं पलानसरी के श्री विजय जांगड़े ने कहा कि इससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। इसी तरह ग्राम करुपान के श्री सुरेश कुमार साहू, ग्राम कोना के श्री राम खांडे एवं श्री महेंद्र कुमार साहू, ग्राम पीथमपुर के श्री प्रकाश कुमार तथा ग्राम केशलीकला के श्री रामलोचन जांगड़े सहित अन्य हितग्राहियों ने योजना को अत्यंत उपयोगी बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *