बीजापुर, 25 मार्च 2026/sns/-जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
कुटरू में स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं जिससे कुल 21
गर्भवती माताएं लाभान्वित हुईं। कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के
दिशा-निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीआर पुजारी के
मार्गदर्शन में जिले के सभी ब्लॉकों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर
पर माह में दो बार विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की पहल की
जा रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों
को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है
ताकि उन्हें जिला अस्पताल तक आने की आवश्यकता न पड़े। इसी क्रम में 24
मार्च को कुटरू स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा गर्भवती
महिलाओं की जांच एवं आवश्यक उपचार किया गया। इस दौरान 21 गर्भवती माताओं का
सफलतापूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान
किया गया। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य
सेवाएं मिल रही हैं, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में
सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। जिला प्रशासन का यह प्रयास
स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, प्रभावी और ग्रामीणों के करीब लाने की दिशा में
महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

