मुंगेली, 25 मार्च 2026/sns/- जिला आयुष विभाग द्वारा संचालनालय आयुष, रायपुर (छत्तीसगढ़) के निर्देशन में नवरात्रि के अवसर पर आयुर्वेद एवं होमियोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 27 मार्च तक माँ महामाया मंदिर प्रांगण, महामाया वार्ड (नगरपालिका स्कूल के पीछे) में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक संचालित हो रहा है। शिविर के प्रथम दिवस ही बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जहां 210 से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया। साथ ही मरीजों को निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया एवं ऋतु के अनुरूप स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा भी प्रदान किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. यामिनी शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में प्रभारी डॉ. पूर्णेश साहू के मार्गदर्शन में चिकित्सकों की टीम द्वारा जनसामान्य को आयुष पद्धति के माध्यम से उपचार सेवाएं दी जा रही हैं। शिविर के सफल संचालन में मंदिर प्रबंधन समिति का भी सराहनीय सहयोग मिल रहा है। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को आयुर्वेद एवं होमियोपैथी चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा सुलभ, सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है। जिला आयुष विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की है।

