छत्तीसगढ़

कवर्धा जिले के ग्रामीण अंचलों में बेहतर विद्युत की सुविधा राजानवागांव सब-स्टेशन में अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर उर्जीकृत

कवर्धा, 25 मार्च 2026/sns/-मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले के किसानों और ग्रामीणों को निर्बाध और उच्च वोल्टेज बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के ग्राम राजानवागांव स्थित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र में 50 लाख रुपये की लागत से 3.15 एम.व्ही.ए. का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है।
बढ़ी विद्युत क्षमता, दूर होगी लो-वोल्टेज की समस्या
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रब्यूशन कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने बताया कि इस नए ट्रांसफार्मर के लगने से राजानवागांव उपकेंद्र की कुल क्षमता 8.15 एम.व्ही.ए. से बढ़कर अब 11.30 एम.व्ही.ए. हो गई है। धान, मक्का एवं गन्ने की फसल के दौरान होने वाली ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या अब बीते दिनों की बात हो जाएगी। इस क्षमता वृद्धि से राजानवागांव, भोरमदेव, चिखली, कोडर, अमलीडीह, रेंगाखार, बंदरची, रौचन, चौरा, छपरी, दियाबार और भालूचहुवा जैसे 12 गांवों के करीब 2310 उपभोक्ताओं और किसानों को गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी।
अधिकारियों की टीम को मिली सराहना
कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने इस महत्वपूर्ण कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने अधीक्षण अभियंता (कवर्धा वृत्त) श्री रंजीत घोष, ईई परियोजना श्री आर. के. गोस्वामी, ईई कवर्धा श्री जी. एस. फ्लोरा, ईई एसटीएम श्री एम.के. आर्या, सहायक अभियंता श्री मनीष साहू, श्री यशवंत ध्रुव, श्री सुनील गुप्ता एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि पॉवर कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के लक्ष्यों को प्राप्त करने और किसानों तक बेहतर विद्युत सेवाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना से क्षेत्र के कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *