छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली

राजनांदगांव, 19 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग के प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने 10 अप्रैल से विशेष कक्षाएं प्रारंभ के संबंध में सुझाव मांगने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार अपडेशन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने, डीपी खाते बंद करने तथा स्थानीय परीक्षाओं का समय-सीमा में आयोजन एवं मूल्यांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नीट, जेईई एवं एनएमएमएसई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं शामिल होने के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों से आवेदन कराने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में प्राचार्यों की सक्रिय भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित कराना तथा उनका चयन सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टर ने टॉपर्स विद्यार्थियों की निरंतर मॉनिटरिंग कर उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने टॉपर्स विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों हेतु आवासीय एवं ऑफलाइन कोचिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने 8 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन कोचिंग कक्षाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निवीर भर्ती के अंतर्गत अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने तथा ऑनलाइन मार्गदर्शन के माध्यम से उनके चयन के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के बाद कैरियर गाइडेंस कर उचित मार्गदर्शन प्रदान करने कहा गया। उन्होंने प्राचार्यों को शेष आधार अपडेशन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि छठवें सेमेस्टर पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को जून माह से 15 दिवसीय इंटर्नशिप के अंतर्गत विद्यालयों में शिक्षण कार्य का अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा संपर्क फाउंडेशन के संपर्क टीवी एवं विनोबा ऐप के माध्यम से संचालित नवाचार कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने विनोबा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री विश्वास कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल सहित जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

10 अप्रैल से विशेष कक्षाएं प्रारंभ करने के संबंध में सुझाव मांगने के दिए निर्देश

नीट, जेईई एवं एनएमएमएसई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं शामिल होने बच्चों को प्रोत्साहित करने के दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *