सारंगढ़ बिलाईगढ़, 12 मार्च 2026/sns/- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 मार्च को सायं 5 बजे गुवाहाटी से पीएम-किसान योजना की 22वीं किश्त जारी की जाएगी। इस अवसर पर देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सम्मान राशि हस्तांतरित की जाएगी।
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के अंतर्गत देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। सारंगढ़– बिलाईगढ़ जिले के 72843 पात्र किसानों को भी योजना का लाभ प्राप्त होगा तथा उनके बैंक खातों में ₹ 2000 की सम्मान राशि सीधे जमा की जाएगी।
इस अवसर पर जिले में “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा सभी विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर किसान बैठक, जागरूकता कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट (https://pmindiawebcast.nic.in/) सामूहिक रूप से दिखाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की पात्रता, ईकेवायसी, आधार सीडिंग एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की जाएगी। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया एवं अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों का संचालन किया जाएगा ।
उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव कृषि विभाग द्वारा जिले के किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी ईकेवायसी एवं आधार सीडिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर लें, ताकि सम्मान राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है, जिसके अंतर्गत राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होती है और किसानों को सीधे लाभ प्राप्त होता है।



