छत्तीसगढ़

जिले में पीएम राहत योजना का हुआ शुभारंभ

मुंगेली, 11 मार्च 2026/sns/- जिले में सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को अब तत्काल और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री राहत योजना का शुभारंभ जिले में किया गया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में इस योजना को लागू किया जा रहा है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को “गोल्डन ऑवर” यानी दुर्घटना के तुरंत बाद के महत्वपूर्ण समय में बिना किसी देरी के अस्पतालों में भर्ती कर अधिकतम 07 दिनों तक प्रति व्यक्ति 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। अक्सर दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए इस योजना में गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के अस्पतालों में पहले ही प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। यह प्रशिक्षण संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ तथा राज्य नोडल एजेंसी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया है, जिससे संबंधित अस्पतालों के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी योजना के प्रावधानों से भली-भांति अवगत हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *