छत्तीसगढ़

22 वार्डों में ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट से निपटने बनी कार्ययोजना

मुंगेली, 11 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के दिए गए निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद मुंगेली ने आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए अग्रिम तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगरीय क्षेत्र के 22 वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। नगर पालिका मुंगेली सीएमओ श्री होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि पिछले वर्षों में ग्रीष्मकाल के दौरान लगभग 04 वार्डों में अस्थायी पेयजल संकट तथा करीब 05 वार्डों में आंशिक पेयजल संकट की स्थिति देखी गई थी, जबकि शेष वार्डों में सामान्य रूप से पेयजल आपूर्ति होती रही है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने इस वर्ष पहले से ही आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
वर्तमान में नगर पालिका द्वारा 225 सबमर्सिबल पावर पंप तथा 10 हैंडपंप के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जल वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 06 वार्डों में पाइपलाइन विस्तारीकरण हेतु निविदा आमंत्रित की गई है, जबकि शेष वार्डों में पाइपलाइन विस्तार का प्रस्ताव तैयार कर भेजा जा रहा है। इसके अलावा नगर पालिका द्वारा 30 से अधिक पावर पंपों एवं उनके स्टार्टर की मरम्मत कराई गई है। साथ ही पाइपलाइन से संबंधित शिकायतें प्राप्त होने पर उनका निरंतर निराकरण भी कराया जा रहा है, ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस संबंध में ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था की समीक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए 11 मार्च को दोपहर 03 बजे नगर पालिका कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में शासन की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी जाएगी तथा इसके क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *