मुंगेली, 09 मार्च 2026/sns/- शासन द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसी कड़ी में विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम दुल्हीनबाई के निवासी श्री गणेश यादव ने योजनांतर्गत ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय का जरिया स्थापित किया। श्री गणेश यादव ने बताया कि लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से गॉव में ही ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध करान चाहते थे, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और फोटोकॉपी मशीन जैसे आवश्यक उपकरण खरीदने में असमर्थ थे। इस वजह से उनका सपना अधूरा रह गया था।
श्री यादव ने बताया कि उन्हें जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने के बाद वे जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उन्हें योजना की पूरी जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग किया। उद्योग विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 01 लाख रुपये का ऋण प्रकरण तैयार कर उन्हें 01 लाख रुपये का ऋण प्रदान कराया गया। ऋण प्राप्त होने के बाद गणेश यादव ने ग्राम दुल्हीनबाई में साइंस कॉलेज के पास अपना कम्प्यूटर सेंटर (लोक सेवा केन्द्र) शुरू किया, जिससे गांव और आसपास के लोगों को ऑनलाइन सेवाएं, आवेदन, दस्तावेज प्रिंटिंग, स्कैनिंग और अन्य डिजिटल सुविधाएं आसानी से मिलने लगीं। धीरे-धीरे उनके सेंटर पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और आय में भी लगातार वृद्धि होने लगी।
आज श्री गणेश यादव का कम्प्यूटर सेंटर क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी सेवा केंद्र बन गया है। इस कार्य से होने वाली आय से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उनके परिवार का जीवन स्तर भी पहले की तुलना में बेहतर और खुशहाल हो गया है। गणेश यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। वे युवाओं से अपील करते हैं कि यदि वे स्वरोजगार शुरू करना चाहते हैं, तो सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

