छत्तीसगढ़

हौसलों का सफर शैक्षणिक भ्रमण, मनोरम स्थल तिरिया रवाना हुए 45 अस्थि बाधित विद्यार्थी

जगदलपुर, 02 मार्च 2026/sns/– शिक्षा केवल किताबों और कक्षाओं की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि वास्तविक ज्ञान दुनिया को देखने और अनुभव करने से मिलता है। इसी उद्देश्य के साथ आज जिले के 45 अस्थि बाधित विद्यार्थियों का एक विशेष दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए तिरिया की ओर रवाना हुआ। यह यात्रा इन बच्चों के जीवन में उमंग और नए अनुभवों का संचार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
विद्यार्थियों के इस दल की रवानगी के अवसर पर विशेष उत्साह का माहौल रहा, जहाँ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने स्वयं पहुँचकर बच्चों से मुलाकात की। कलेक्टर ने न केवल विद्यार्थियों का हाल-चाल जाना, बल्कि उनके साथ समय बिताते हुए उनकी यात्रा को सुखद और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि शारीरिक चुनौतियाँ कभी भी सीखने और आगे बढ़ने के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा और समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती सुचिता मिंज भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखते हुए उन्हें रवाना किया। तिरिया के लिए रवाना हुए इन विद्यार्थियों के चेहरों पर घूमने और कुछ नया सीखने की खुशी साफ झलक रही थी। प्रशासन की इस पहल की सराहना की जा रही है, क्योंकि यह भ्रमण इन बच्चों को प्रकृति के करीब ले जाने और सामाजिक समावेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *