छत्तीसगढ़

प्रशासनिक दक्षता का परिणाम: 260 से अधिक लंबित मामलों का हुआ निराकरण

मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- जिले में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा प्रकरणों के निराकरण में समयबद्धता और पारदर्शिता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासनिक एवं न्यायिक दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए 260 से अधिक न्यायालयीन प्रकरणों में आदेश पारित किए जाना सुशासन की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह न केवल प्रशासनिक दक्षता को दर्शाता है, बल्कि आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। समय-समय पर विशेष राजस्व न्यायालयों का आयोजन कर लंबित मामलों के त्वरित समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली में गति आई है, बल्कि आम नागरिकों को भी शीघ्र न्याय और राहत प्राप्त हो रही है।
अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने बताया कि पारित आदेशों में राजस्व पुस्तक परिपत्र के 98 प्रकरण, आबकारी अधिनियम के 29 प्रकरण, जिलाबदर के 05 प्रकरण, पंचायत संबंधी 14 प्रकरण तथा अन्य विभिन्न श्रेणियों के मामले शामिल हैं। इन मामलों के समयबद्ध निराकरण से प्रशासनिक पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। प्राकृतिक आपदा से मृत व्यक्तियों के परिजनों को 3.6 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता राशि का भुगतान किया जाना प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह सहायता उन परिवारों के लिए संबल साबित हुई है, जो विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे थे। इसी प्रकार आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 26 वाहनों को शासन के पक्ष में राजसात किया जाना कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में सख्त और प्रभावी कार्रवाई का संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *