मुंगेली, 26 फरवरी 2026/sns/- महिलाओं में होने वाले गर्भाशय कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम एवं जागरूकता को लेकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विकासखंड लोरमी, पथरिया एवं मुंगेली के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा गर्भाशय कैंसर के कारण, लक्षण, जांच प्रक्रिया और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भाशय कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसे प्रारंभिक अवस्था में नियमित जांच के माध्यम से पहचाना जा सकता है।
मास्टर ट्रेनर डॉ. शीला साहा ने प्रशिक्षण में महिलाओं को नियमित स्क्रीनिंग और टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए, ताकि इस बीमारी से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। डॉ. मनीष बंजारा ने एनसीडी एप्प के संबंध में एन्ट्री सहित अन्य जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत स्क्रीनिंग एवं एनक्यूएएस की आगामी तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुधार एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।


