छत्तीसगढ़

कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी में जनगणना संबंधी महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक सम्पन्न

मुंगेली, 22 फरवरी 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में डायरेक्टरोट ऑफ सेंसस ऑपरेशन्स के संचालक श्री कार्तिकेय गोयल द्वारा वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा एवं आगामी तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित समस्त ईआरओ, एईआरओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान डायरेक्टरोट ऑफ सेंसस ऑपरेशन्स ज्वाइंट डायरेक्टर श्री प्रदीप कुमार साव ने पूर्व में संपन्न जनगणना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने जनगणना की संपूर्ण कार्यप्रणाली, प्रपत्रों के संकलन, घर-घर सर्वेक्षण, आंकड़ों के सत्यापन एवं संधारण की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही जनगणना कार्य के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। उन्होंने आगामी जनगणना को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। विशेष रूप से डिजिटल डेटा संकलन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन, मैदानी अमले की जिम्मेदारियों तथा समन्वय तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आंकड़ों के आधार पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को गंभीरता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *