मुंगेली, 22 फरवरी 2026/sns/- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल (दसवीं) बोर्ड परीक्षा आज 21 फरवरी से प्रारंभ हो गई। परीक्षा में 10 हजार 673 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं 350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित बी.आर. साव स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा कक्षों में जाकर बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण, पर्यवेक्षकों की तैनाती एवं सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से नकल प्रकरण को लेकर शिक्षकों और केंद्राध्यक्ष को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि वे परीक्षा के दौरान सतर्कता बरतें और प्रत्येक विद्यार्थी पर निगरानी रखें, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों को परीक्षा को लेकर तनावमुक्त रहने की सलाह देते हुए कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। शांत दिमाग और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों को पढ़कर उत्तर लिखें। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह परीक्षा उनके भविष्य की महत्वपूर्ण सीढ़ी है, इसलिए पूरे मनोयोग से प्रयास करें।
कलेक्टर ने केंद्र में पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी रखने की बात भी कही गई। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को सकारात्मक वातावरण दें और परीक्षा अवधि के दौरान अनावश्यक दबाव न बनाएं, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

