छत्तीसगढ़

विशेष गहन पुनरीक्षण की अंतिम सूची का हुआ प्रकाशन

मुंगेली, 22 फरवरी 2026/sns/- जिले में निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने राजनीतिक दलों की बैठक लेकर अंतिम सूची के प्रकाशन की जानकारी दी। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विधिसम्मत क्रियान्वयन की जानकारी साझा की गई। बैठक के दौरान प्रारंभिक प्रकाशन, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया, घर-घर सत्यापन अभियान, मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने की कार्यवाही का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया। समस्त बिंदुओं पर चर्चा के उपरांत निर्वाचन नामावली की अंतिम सूची का विधिवत प्रकाशन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण घोषित किया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची प्रदान की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 27 फरवरी से ईआरओ, एईआरओ, एएईआरओ एवं बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और सत्यापन किया गया। अनेक चुनौतियों के बावजूद निर्वाचन टीम ने जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया। पुनरीक्षण के दौरान 17 हजार से अधिक मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि 22 हजार से अधिक ऐसे मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए जो स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके थे। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि स्थानांतरित मतदाताओं के नाम संबंधित नए निर्वाचन क्षेत्रों में विधिवत जोड़े जाएं। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा स्पष्ट है। हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और अपात्र नामों को सूची से हटाया जाए।

उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में मिले सम्मान से बढ़ा गौरव

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अतिरिक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी को उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में मिले सम्मान से जिले का गौरव बढ़ा। कलेक्टर ने इसे उनके कुशल नेतृत्व एवं निर्वाचन कार्यों के सफल संचालन का परिणाम बताया।

राजनीतिक दलों ने सराहा प्रयास

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया के अपने अनुभव साझा किए और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत की सराहना की। कलेक्टर ने सभी राजनीतिक दलों एवं बीएलए के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सक्रिय सहभागिता के बिना यह व्यापक अभियान सफल नहीं हो सकता था। इस दौरान विभिन्न राजैनतिक दलों के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी दलों ने निर्वाचन टीम को निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य पूर्ण करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *