मुंगेली, 22 फरवरी 2026/sns/- अटल उत्कृष्ट योजना के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा चयनित 07 बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा हेतु एक निजी विद्यालय में अध्ययन कराया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में संस्थान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अटल उत्कृष्ट योजना के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों हेतु शैक्षणिक, आवासीय एवं मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई।
श्रम पदाधिकारी श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के साथ भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही विद्यार्थियों से संवाद कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन, आवास एवं अनुशासन के संबंध में जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि संस्था में आवासीय एवं मूलभूत सुविधाओं के अंतर्गत स्वच्छ एवं सुरक्षित छात्रावास, पौष्टिक भोजन व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, अध्ययन कक्ष, पुस्तकालय एवं खेल-कूद की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध पाई गई। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि शासन द्वारा श्रमिक वर्ग के बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का संचालन किया जा रहा है।यह योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के लिए लागू की गई है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करना है। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाएगी।

