छत्तीसगढ़

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला में फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

कवर्धा, 13 फरवरी 2026/sns/-पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला में 12 फरवरी 2026 को फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन, भारत सरकार द्वारा फीफा के सहयोग से संचालित “फुटबॉल फॉर स्कूल पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। सूचीबद्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार कबीरधाम जिले के 25 सरकारी एवं निजी विद्यालयों को फुटबॉल वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर फुटबॉल खेल को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों का समन्वय स्थापित करना है, जिससे विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास हो सके। फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन श्री एन. के. लांजेवार, नोडल प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ. आर. वर्मा एवं श्री एस. के. यदु उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। फुटबॉल जैसे खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं शारीरिक सुदृढ़ता का विकास करते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी 25 विद्यालयों से आए छात्रों के मध्य फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री संजय किशोर (पीजीटी हिंदी), शारीरिक शिक्षक श्री हरिशंकर साहू, श्री चंद्रकांत यादव (संगीत शिक्षक) सहित अन्य सहयोगी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में श्री एस. के. मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षक द्वारा आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन जिले में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *