छत्तीसगढ़

शासकीय माध्यमिक शाला चितलनार के विद्यार्थियों की जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर से मुलाकात

सुकमा, 10 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिला दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला चितलनार के विद्यार्थियों ने जिला पंचायत कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों की भेंट जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर से हुई।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को जिला पंचायत की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक संरचना एवं विभिन्न विभागों की भूमिका की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सीईओ श्री ठाकुर ने विद्यार्थियों को करियर एवं भविष्य निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की भी सलाह दी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यालय से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी सीईओ के समक्ष रखा गया।
सीईओ श्री ठाकुर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा सामान्य ज्ञान, प्रशासन और समाज से जुड़े प्रश्न पूछकर उन्हें प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए सटीक उत्तरों और उनकी सक्रिय सहभागिता से प्रभावित होकर सीईओ श्री ठाकुर ने उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप चॉकलेट वितरित की।
सीईओ श्री ठाकुर ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए यथासंभव समाधान एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *