छत्तीसगढ़

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास दरिमा का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अंबिकापुर, 05 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल के साथ दरिमा में प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास एवं जिला स्तरीय प्लास्टिक प्रोसेसिंग इकाई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां छात्रावास परिसर, रसोई कक्ष, शयनकक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ- सफाई, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखने तथा समुचित व्यवस्था सुदृढ करने निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने आगामी परीक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत कर बेहतर रिजल्ट लाने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर श्री वसंत ने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को छात्रावास में आवश्यकतानुसार पंखे लगवाने एवं छात्राओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय प्लास्टिक प्रोसेसिंग इकाई का निरीक्षण कर प्रोसेसिंग प्रक्रिया एवं निर्मित उत्पादों की ली जानकारी-
इन दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ग्राम पंचायत दरिमा में स्थापित जिला स्तरीय प्लास्टिक प्रोसेसिंग इकाई केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां कचरा कलेक्शन की प्रक्रिया, उठाव, प्रोसेसिंग, निर्मित उत्पादों की जानकारी ली तथा सेंटर के सभी इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने इकाई में कार्यरत महिलाओं से चर्चा कर उनके कार्य अनुभव के बारे में पूछा तथा उन्हें प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र में एकत्रित प्लास्टिक कचरे का प्रोसेसिंग कर दाने, गट्टे एवं अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान में इन दानों से प्लास्टिक की रस्सी बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक की बाल्टी एवं डस्टबिन उत्पादन की भी योजना बनाई गई है, कलेक्टर श्री वसंत ने इस हेतु एमआरसी सेंटर तैयार करने जल्द आवश्यक कार्ययोजना बनाने निर्देशित किया। निरीक्षण में उन्होंने इकाई के सतत संचालन, कार्यरत कर्मचारियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, सावधानी एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *