मोहला, 22 जनवरी 2026/sns/- प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर दिनांक 30 जनवरी 2026 को जिले में नशामुक्ति के पक्ष में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले की कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए जनसामान्य से नशापान नहीं करने का संकल्प एवं शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इस अवसर पर विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशामुक्ति संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी संक्षिप्त जानकारी फोटोग्राफ्स सहित एनएमबीए मोबाइल एप पर अपलोड की जाएगी। भारत माता वाहिनी एवं समुदाय के सहयोग से वृहद जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशापान से होने वाले दुष्परिणामों पर केन्द्रित व्याख्यान, चित्रकला, गीत, नृत्य, नाटक प्रतियोगिताएं तथा मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। समारोह स्थल पर नशामुक्ति से संबंधित प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजागरूकता साहित्य का वितरण किया जाएगा। विषय विशेषज्ञों द्वारा नशापान के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों पर व्याख्यान दिए जाएंगे तथा प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह को नशापान नहीं करने का संकल्प दिलाया जाएगा तथा योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास का प्रदर्शन कर नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।


