छत्तीसगढ़

सफलता की कुंजी साझा कर कलेक्टर नें बढ़ाया स्कूली बच्चों का मनोबल

मोहला, 22 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति आज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला मोहला, पीएमश्री सेजेस इंग्लिश माध्यम विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डुमरटोला पहुंची। इस दौरान उन्होंने
कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर परीक्षा पर चर्चा की। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं समयबद्ध अध्ययन के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने विद्यार्थियों से कहा कि बोर्ड परीक्षाएं जीवन की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, किंतु इन्हें तनाव का कारण नहीं बनने देना चाहिए। सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से सफलता निश्चित है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय सारणी बनाकर नियमित अध्ययन करने, सभी विषयों का रिवीजन करने तथा गणित विषय में अधिक अभ्यास करने की सलाह दी। साथ ही अच्छी हैंडराइटिंग एवं लिखकर पढ़ने की आदत विकसित करने पर भी उन्होंने विद्यार्थियों कों प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो परिश्रम अवश्य रंग लाता है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए कठिन मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी सहयोग से ग्रुप स्टडी करने एवं एक-दूसरे की सहायता से विषयों को समझने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने यह भी कहा कि शिक्षक एवं अभिभावक विद्यार्थियों के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं उनके अनुभवों और सुझावों का लाभ अवश्य लेना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने शिक्षकों को प्रतिदिन रिवीजन कराने एवं नियमित टेस्ट लेने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी विषय में यदि कोई शंका हो तो बिना संकोच अपने शिक्षकों से प्रश्न पूछें।
इस दौरान विद्यार्थियों ने भी परीक्षा कों लेकर अपनी जिज्ञासाएं साझा की जिनका कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सहज एवं प्रेरणादायक ढंग से जवाब दिया। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य एवं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसडीएम मोहला डॉ. हेमेंद्र भुआर्य सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *