सुकमा, 21 जनवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में ग्राम सभाओं एवं जल अर्पण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ब्लॉक सुकमा की ग्राम पंचायत नीलावरम में ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ वरिष्ठ पार्टी प्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे द्वारा किया गया। उन्होंने जल जीवन मिशन के लाभों एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, प्रतिज्ञा समारोह तथा वीडब्ल्यूएससी की सहभागिता से जल रैली निकाली गई। ग्रामवासियों को योजनाओं की जानकारी देते हुए जल कर एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्व को समझाया गया।
इसी प्रकार छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम सगुनघाट में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रभात फेरी, जल एवं स्वच्छता संदेश, तकनीकी जानकारी, जल गुणवत्ता जांच का प्रशिक्षण, जल संकल्प तथा हर घर जल उत्सव का आयोजन किया गया। इन आयोजनों से जल जीवन मिशन के प्रति जनजागरूकता बढ़ी और स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नीलावरम के जनप्रतिनिधि, सचिव, वीडब्ल्यूएससी समिति के सदस्य, जल वाहिनी, नल जल मित्र, अरुण सरकार, सतीश साहू, दीपक कुमार रात्रें, कार्यक्रम में तकनीकी विभागीय अधिकारी, विभिन्न समन्वयक, जिला लैब के लैब अटेंडेंट एवं हेल्पर, हैंडपंप तकनीशियन सुखदेव, शंकर सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।


