बीजापुर 06 जनवरी 2026- छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बस्तर के समग्र विकास एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे बीजापुर में बैंक ऑफ़ बड़ौदा की नई शाखा के शुभारंभ अवसर पर वर्चुअल माध्यम से जिलेवासियों को संबोधित कर रहे थे।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बीजापुर और बस्तर अंचल ने लंबे समय तक कठिन परिस्थितियाँ देखी हैं। उन्होंने वर्ष 2011 से 2013 के दौरान संयुक्त जिला दंतेवाड़ा में कलेक्टर के रूप में कार्य करने के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उस समय बीजापुर तक पहुँचना भी चुनौतीपूर्ण था। सड़कों एवं आधारभूत संरचना की स्थिति अत्यंत खराब थी, किंतु आज सुरक्षा और विकासकृदोनों मोर्चों पर ऐतिहासिक सुधार देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसका सर्वाधिक लाभ छत्तीसगढ़ को मिल रहा है। विशेषकर बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जैसे जिले विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के बाद सबसे बड़ी प्राथमिकता विकास को गति देना है। इसी दिशा में केंद्र सरकार द्वारा बस्तर क्षेत्र के लिए 1.30 लाख करोड़ का विशेष विकास पैकेज स्वीकृत किया गया है, जिससे पूरे अंचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
श्री चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता बोनस, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं की राशि अब डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। इस व्यवस्था में बैंक शाखाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक हउन्होंने बैंक ऑफ़ बड़ौदा द्वारा दूरस्थ एवं अंदरुनी क्षेत्रों में शाखाएँ खोलने के निर्णय की सराहना करते हुए बताया कि मार्च 2026 तक प्रदेश में 30 नई बैंक शाखाएँ प्रारंभ की जाएँगी, जिनमें बीजापुर जिले के तर्रेम में भी नई शाखा शामिल है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि अंदरुनी क्षेत्रों में बैंक शाखाओं के लिए आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा के अधिकारियों को नई शाखा के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि मंत्री महोदय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अंदरुनी क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना निर्माण हेतु हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने सुदूर अंचलों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए बैंक ऑफ़ बड़ौदा को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, बैंक ऑफ़ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख रायपुर अंचल श्री दिवाकर पी. सिंह, उप महाप्रबंधक रायपुर डॉ रमेश कुमार मोहंती,उप क्षेत्रीय प्रबंधक धमतरी क्षेत्र श्री ओंकारनाथ सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री बानाम्बर बेहेरा, शाखा प्रबंधक श्री जितेंद्र कुमार प्रसाद सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

