मोहला, 8 दिसंबर 2025/sns/- खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी का महाअभियान 15 नवंबर से प्रारंभ हो चुका है। जिले के उपार्जन केंद्रों पर किसानों में धान विक्रय को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को देश का सर्वाधिक 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य प्रदान करने तथा पारदर्शी खरीदी व्यवस्था लागू किए जाने की किसानों द्वारा सराहना की जा रही है। विकासखंड मोहला के ग्राम सांगली निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान श्री रघुनाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटे की मदद से मोबाइल पर ऑनलाइन टोकन कटवाकर 60 क्विंटल धान विक्रय की तिथि दर्ज करवाई। यह प्रक्रिया उनके लिए काफी सुविधाजनक साबित हुई। धान की तौल पूरी होने के बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे बेटे की शादी और घर की मरम्मत में करेंगे। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेरा बेटा अब दांपत्य जीवन में प्रवेश करेगा, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है। श्री रघुनाथ सिंह ने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए उन्होंने पहले ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लिया था। डिजिटल सुविधा ने उन्हें लाइन में लगने की परेशानी से मुक्ति दिलाई और समय की बचत भी हुई। निर्धारित समय पर पहुंचते ही उनकी तौल और खरीदी प्रक्रिया सहजता से पूरी हो गई।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की उपार्जन व्यवस्था सुव्यवस्थित, पारदर्शी और पूरी तरह किसान हितैषी है। धान बेचने के बाद उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के लिए प्रतिबद्ध सरकार के कारण आज हमें समय और श्रम की बचत के साथ धान का सही मूल्य मिल रहा है। यह किसानों के हित में उठाया गया बड़ा कदम है।

