छत्तीसगढ़

दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम पृथ्वी निषाद को मिली नई ट्राई साइकिल

मुंगेली, 13 नवंबर 2025/sns/- जिला प्रशासन द्वारा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों के हित में निरंतर सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिनके तहत उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण प्रदाय किए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें। इसी क्रम में ग्राम पंचायत दुल्लापुर निवासी अस्थिबाधित दिव्यांग श्री पृथ्वी निषाद को समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण वितरण प्रदाय योजना के अंतर्गत तीन वर्ष पूर्व बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदाय की गई थी। समय के साथ वह ट्राईसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पृथ्वी निषाद को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने विभाग में नियमानुसार नया ट्राईसाइकिल प्रदाय हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण का परीक्षण कर उपयुक्त पाए जाने पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री नदीम काज़ी ने तत्परता दिखाते हुए पृथ्वी निषाद को नई बैटरी चलित ट्राईसाइकिल प्रदान की।
ट्राईसाइकिल प्राप्त करते ही पृथ्वी निषाद के चेहरे पर खुशी छलक उठी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अब वे अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकेंगे और आत्मनिर्भर जीवन जी पाएंगे। उपसंचालक श्री काज़ी ने बताया कि विभाग का लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा लगातार सहायक उपकरण वितरण, पेंशन योजना, एवं पुनर्वास कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रशासन की यह पहल न केवल दिव्यांगजनों के जीवन में नई रोशनी ला रही है, बल्कि समाज में समावेशिता और संवेदनशीलता का संदेश भी दे रही है। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ लिपिक श्री लुकेश कुमार वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री आनंद सोनी एवं कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *