अम्बिकापुर, 01 अक्टूबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री विलास भोसकर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने आज लुण्ड्रा विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम रघुपुर अमटपानी पारा का भ्रमण कर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के बीच चौपाल लगाई। उन्होंने ने समुदाय के सदस्यों से संवाद कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं एवं योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी ली।
चौपाल के दौरान कलेक्टर एवं सीईओ ने स्वास्थ्य जांच, बच्चों के टीकाकरण, राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पीएम आवासों को समय पर पूर्ण करने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्री भोसकर ने बच्चों से उनका नाम पूछते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ें और स्कूल भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
निरीक्षण एवं चौपाल के दौरान महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री बसंत मिंज, खाद्य अधिकारी श्री एस.बी. कामटे, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र, जनपद सीईओ सुश्री प्रीति भगत, बीपीएम श्री ऋतुराज गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

