छत्तीसगढ़

धौरपुर के आंगनबाड़ी केंद्र एवं बिहान कैंटीन का कलेक्टर एवं सीईओ ने किया निरीक्षण


अम्बिकापुर, 01 अक्टूबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री विलास भोसकर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने आज लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धौरपुर स्थित बिहान कैंटीन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिहान कैंटीन की  व्यवस्था एवं आर्थिक आमदनी की जानकारी ली। उन्होंने लक्ष्मी स्व सहायता समूह द्वारा कैंटीन संचालन कार्य की सराहना की और समूह की अध्यक्ष लखपति दीदी श्रीमती गजाला परवीन को उनके बेहतर कार्य के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने स्व सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं अन्य महिलाओं को भी इससे जोड़ने हेतु प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री भोसकर ने आंगनबाड़ी केंद्र धौरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की संख्याए व बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेनू के अनुसार गुणवत्तायुक्त आहार नियमित रूप से प्रदान करें एवं अधिक से अधिक बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र में लाएं।
इस अवसर पर जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री बसंत मिंज, खाद्य अधिकारी श्री एस.बी. कामटे, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री प्रीति भगत, बीपीएम श्री ऋतुराज गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *