सुकमा, 26 सितंबर 2025/sns/- कोंटा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिंतलनार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशनकार्डधारियों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न की कालाबाजारी के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर भंडारण किया गया था। जिला प्रशासन की कार्रवाई में जब्त की गई उक्त सामग्री का गुणवत्ता परीक्षण राज्य खाद्य प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर से कराया गया।
खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि जब्तशुदा खाद्यान्न मानव उपभोग के योग्य नहीं है। इसके चलते प्रशासन ने इन खाद्यान्न को कुक्कुट आहार, पशु आहार, मत्स्य आहार एवं एथेनाल निर्माण करने वाली संस्थाओं को विक्रय करने का निर्णय लिया है। जिसके लिए खुली निविदा आमंत्रित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी संस्थाओं को निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। साथ ही संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि अंतिम तिथि से पूर्व किसी भी कार्यालयीन दिवस में उपस्थित होकर खाद्यान्न के नमूने का अवलोकन कर सकते हैं।

