छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक लेकर की विभागीय गति विधियों की समीक्षा

मुंगेली, 17 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, विद्युत, महिला एवं बाल विकास आदि के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और महत्वपूर्ण प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण के लिए निर्देशित किया। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान पंजीयन के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए लक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों खसरा सत्यापन, ई-कोर्ट, अविवादित नामांतरण, बंटवारा आदि राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रगति लाने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने 02 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘‘सेवा संकल्प पखवाड़ा’’ के सम्बन्ध में चर्चा की और आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान के संबंध में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण एवं सुशासन की भावना के साथ जमीनी स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों को सशक्त कर नेतृत्व क्षमता को बढ़ाना तथा ग्राम स्तर पर शासकीय सेवाओं की प्रदायगी को सशक्त करने के साथ ही ट्रायबल विलेज विजन 2030 का निर्माण करना है। उन्होंने आदि सेवा पर्व अंतर्गत चिन्हांकित 35 गांवों में आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड आदि के प्रगति की जानकारी ली तथा राशनकार्ड, आय, जाति, निवास के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और संतृप्तिकरण के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के तीनों विकासखण्डों के 35 आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के जनजातीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना में गैप के लिए डाटा शीट बनाएं। शिविर में आमजनों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने चिन्हांकित 35 गांवों में योजना की शतप्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं के संतृप्तिकरण के सम्बन्ध में संबन्धित ग्राम पंचायत के सरपंच से प्रमाण पत्र लेने कहा। उन्होंने नगरीय निकायों में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने नगरीय निकायों में भी शिविर के माध्यम से आय, जाति, निवास, श्रम कार्ड, आयुष्मान आदि योजना में संतृप्तिकरण के लिए कार्य करने के साथ ही पंचायतों, स्कूलों एवं नगरीय निकायों को साफ-सुथरा बनाने विशेष प्रयास करने कहा। साथ ही मुख्य चौक-चौराहों, बाजार, या सामूहिक एकत्रीकरण वाले स्थानों में प्लास्टिक कचरे की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने निर्देशित किया।
अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, श्री प्रभाकर पांडेय ने अधिकारियों को आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने कहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि ‘‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’’ अभियान का आयोजन 02 अक्टूबर तक किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श दिए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। रैली एवं मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता संदेश दिया जाएगा तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *