सशक्त मातृत्व की ओर एक कदमः बीजापुर के गांवों में विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता की अनोखी पहल
बीजापुर, 12 अगस्त 2025/sns/ – विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर एसबीआई फांडेशन द्वारा वित्तपोषित और शिखर युवा मंच बिलासपुर के माध्यम से संचालित एसबीआई संजीवनी क्लीनिक ऑन व्हील बीजापुर इस वर्ष की थीम “Prioritise Breastfeeding: Create Sustainable Support System” के अंतर्गत कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व से अवगत कराना, शिशु और मातृ स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और समुदाय में एक स्थायी सहयोग तंत्र विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में 7 ग्रामों के 166 ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई, प्रत्येक गांव में पोस्टरों, प्रदर्शनों और सीधी बातचीत के माध्यम से स्तनपान की सही तकनीकें समझाई गई। मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्राम प्रतिनिधियों ने इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाई। स्तनपान के लाभों को शिशु और माँ दोनों के लिए स्पष्ट रूप से बताया गया जिसमें नवजात की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने से लेकर माँ को स्तन कैंसर के खतरे से बचाने तक अनेक महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहे।
इस पूरे सप्ताह के दौरान परियोजना समन्वयक श्री मुकेश मानिकपुरी, डॉ. माधुरी ठाकुर चिकित्सक सहित पूरी एसबीआई संजीवनी क्लीनिक ऑन व्हील बीजापुर की टीम ने गहरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं बल्कि एक सामाजिक चेतना आंदोलन का हिस्सा बन गया। बीजापुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में जब माताएँ जागरूक होती हैं तो एक नई पीढ़ी को स्वस्थ भविष्य की दिशा मिलती है।



