बीजापुर, 12 अगस्त 2025/sns/ – जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छात्रों के लिए निःशुल्क Ai प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह पांच दिवसीय कोर्स विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से सुसज्जित करने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया है।
आज कलेक्टर श्री साबित मिश्रा ने Ai क्लास का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के समय की महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसके माध्यम से छात्र अपने प्रोजेक्ट्स और कार्यों को अधिक प्रभावी और तेज़ी से पूरा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण से छात्रों को न केवल Ai की मूलभूत जानकारी मिलेगी, बल्कि इसके व्यावहारिक उपयोग और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी संभावनाओं के बारे में भी सीखने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस पहल से जिले के युवा भविष्य की डिजिटल दुनिया में अग्रणी भूमिका निभा सकेंगे।



