कवर्धा, 30 जुलाई 2025/sns/- छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत राज्य के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य श्रमिकों के बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को सशक्त बनाना है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। पंजीकृत श्रमिक “श्रम मेव जयते“ वेब पोर्टल श्रम मेव जयते जी ओ वी. इन अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही जिला श्रम कार्यालय, श्रम संसाधन केंद्र और लोक सेवा केंद्र में जाकर भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह ने पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों को उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करें। सचिव श्री गिरीश राम टेके ने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नजदीकी जिला श्रम कार्यालय या श्रम संसाधन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

