अंबिकापुर, 14 जनवरी 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सर्व शासकीय- अशासकीय महाविद्यालय एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालय के प्राचार्यों,सहायक संचालक।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा नोडल प्राध्यापक (स्वीप) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (स्वीप) श्री विनय अग्रवाल ने बताया कि ऐसे भारतीय नागरिक जिनकी आयु 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष हो जाएगी एवं जिनका नाम आज दिनांक तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे सभी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित करने हेतु पात्र हैं। प्राचार्यों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में नोडल प्राध्यापक के निर्देशन में ऐसे छात्र जिनका नाम आज दिनांक तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनकी सूची बनाकर वांछित दस्तावेज एकत्र कर ऑनलाइन Voters.eci.gov.in/ECINET मोबाइल एप के माध्यम से एवं ऑफलाइन बीएलओ के द्वारा 06 फार्म भराकर जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय (स्वीप शाखा) में जमा करना होगा। आवेदनों का निराकरण उनके जन्मतिथि के आधार पर संबंधित तिमाही में कर लिया जाएगा। बैठक में आवश्यक दस्तावेज के रूप में आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से आयु एवं पता का प्रमाण-पत्र, माता/पिता/दादा/दादी का ईपिक नम्बर, आवेदक का फोटो एवं स्वयं अथवा माता/पिता/दादा/दादी का 2003 SIR की जानकारी अपलोड संबंधित जानकारी दी गई।जिला निर्वाचन के सहायक प्रोग्रामर श्री अभिषेक मिश्रा ने बताया कि Voters.eci.gov.in/ECINET मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन फार्म भर कर, विस्तृत रूप से जानकारी देनी होगी। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण 2003 में मतदाता सूची डाउनलोड एवं मतदाता सूची में नाम खोजने के सम्बन्ध में ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया। बैठक में जिला परियोजना अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता, समस्त महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षा विभाग से सहायक संचालक श्री योगेश मिश्रा, हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के प्राचार्य एवं समस्त नोडल प्राध्यापक (स्वीप) उपस्थित रहे।

