मुंगेली, 02 अप्रैल 2026/sns/- शासन आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब जिले के नागरिकों को आपात स्थिति में और अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। इसी कड़ी में जिले को उच्चस्तरीय, अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित चार नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस मिली हैं, जिससे अब कुल 07 आधुनिक एम्बुलेंस जनसेवा के लिए उपलब्ध हो गई हैं। इन एम्बुलेंसों का संचालन जीवीके ईएमआरआई संस्थान द्वारा किया जाएगा। इन नई एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा के लिए रवाना किया गया, जिससे जिले के नागरिकों को आपात स्थिति में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मौके पर ही मिलेगी प्राथमिक और उन्नत चिकित्सा सुविधा
नई 108 संजीवनी एम्बुलेंसों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, जिससे मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक एवं उन्नत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इनमें बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाओं के साथ-साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाईजेशन और अन्य आवश्यक आपातकालीन उपचार व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गंभीर मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप, लैरिंजोस्कोप जैसे जीवनरक्षक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन एम्बुलेंसों में तीन बेसिक लाइफ सपोर्ट और एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं, जो हर प्रकार की आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हैं।
लोकेशन बेस्ड टेक्नोलॉजी से बेहतर रिस्पॉन्स, स्वास्थ्य सेवाओं में नया आयाम
नई एम्बुलेंसों में आधुनिक तकनीक का भी समावेश किया गया है। लोकेशन बेस्ड सर्विस और मोबाइल डेटा टर्मिनल प्रणाली के जरिए एम्बुलेंस की लाइव लोकेशन, रिस्पॉन्स टाइम और मरीज तक पहुंच की स्थिति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इससे आपातकालीन सेवाओं की गति और पारदर्शिता दोनों में सुधार होगा। इन अत्याधुनिक एम्बुलेंसों के जुड़ने से न केवल आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होगी, बल्कि समय पर उपचार मिलने से गंभीर मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।


