छत्तीसगढ़

पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर कलेक्टोरेट में औद्योगिक इकाइयों की बैठक आयोजित

पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर कलेक्टोरेट में औद्योगिक इकाइयों की बैठक आयोजित

आवश्यकता एवं उपलब्ध स्टॉक के आधार पर उद्योगों को गैस आपूर्ति की जाएगी सुनिश्चित- नगर निगम कमिश्नर श्री विश्वदीप

रायपुर, 28 मार्च 2026/ कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार आयुक्त नगर निगम रायपुर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में पश्चिम एशिया संकट के परिप्रेक्ष्य में एलपीजी गैस आपूर्ति के संबंध में औद्योगिक संघों एवं प्रमुख औद्योगिक इकाइयों की बैठक आज कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर भी उपस्थित रहे।

बैठक में औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने एलपीजी गैस आपूर्ति में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा व्यावसायिक उपयोग हेतु 70 प्रतिशत क्षमता के अनुसार गैस प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में व्यावसायिक उपयोग हेतु गैस की आपूर्ति हो रही है, जबकि औद्योगिक उपयोग हेतु गैस की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कई औद्योगिक इकाइयां पूर्णतः एलपीजी गैस पर निर्भर हैं, जिनमें प्लास्टिक कंटेनर निर्माण इकाइयां प्रमुख हैं। गैस आपूर्ति बाधित होने से कुछ इकाइयों के बंद होने की स्थिति निर्मित हो रही है, जबकि कुछ इकाइयां कम क्षमता पर संचालित हो रही हैं।

निगम आयुक्त श्री विश्वदीप ने सभी औद्योगिक इकाइयों को निर्देशित किया कि वे गैस की अपनी आवश्यकता की जानकारी शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समुचित निर्णय लिया जा सके। अपर कलेक्टर श्री राठौर ने बताया कि गैस विक्रय हेतु घरेलू एवं व्यावसायिक दो श्रेणियां निर्धारित हैं और औद्योगिक इकाइयों को व्यावसायिक श्रेणी के अंतर्गत ही गैस आपूर्ति की जाती है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को उनकी आवश्यकता एवं उपलब्ध स्टॉक के आधार पर शासन के निर्देशानुसार गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में मुख्य महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रायपुर श्री एम.एस. पैकरा, खाद्य नियंत्रक श्री भूपेन्द्र मिश्रा, ऊर्जा एसोसिएशन से श्री नीरज अग्रवाल, कैट से श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ रोलिंग मिल एसोसिएशन से श्री नितिन कुमार, छत्तीसगढ़ प्लास्टिक निर्माता संघ से श्री संतोष जैन, चैंबर ऑफ कॉमर्स से श्री जितेन्द्र सरीन सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *