कवर्धा, 19 मार्च 2026/sns/-जिले में शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कवर्धा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. के. तुरे द्वारा बच्चों को विटामिन ए सिरप पिलाकर किया गया। यह अभियान 21 अप्रैल 2026 तक निर्धारित तिथियों में जिलेभर के स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में संचालित होगा।
अभियान के तहत जिले में 93,273 बच्चों को विटामिन ए तथा 98,759 बच्चों को आयरन सिरप (आई.एफ.ए.) पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डॉ. तुरे ने बताया कि 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों में कुपोषण जनित बीमारियों को कम करने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को वर्ष में दो बार विटामिन ए अनुपूरण एवं 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन सिरप प्रदान किया जाएगा। शिशु संरक्षण माह के दौरान विभिन्न सत्रों में बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन सिरप देने के साथ-साथ नियमित टीकाकरण, वजन मापन, गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान तथा उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्रों में उपचार एवं आहार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी ने बताया कि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्व में प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस लाभ से वंचित न रह जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. के. तुरे ने सभी पालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी केंद्र में जाकर बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन सिरप अवश्य पिलाएं, जिससे बच्चों का समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु सेन, डॉ. टीशांत कोशले, जिला प्रबंधक (शहरी) श्री अंशूल थुदगर, डॉ. मुकुंद राव, सुश्री आकांक्षा, सुश्री आराधना बंजारे, श्रीमती लता शर्मा, श्री दुर्गेश गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं मैदानी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

