छत्तीसगढ़

बस्तर हाफ मैराथन के प्रचार हेतु बीजापुर से जागरूकता वाहन रवाना

बीजापुर, 19 मार्च 2026/SNS/-आगामी 22 मार्च को बस्तर में आयोजित होने वाली बस्तर हाफ मैराथन के प्रचार-प्रसार और जिलेवासियों को अधिकाधिक संख्या में सहभागिता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बीजापुर कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से वाहन को रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर नागरिकों एवं खिलाड़ियों को बस्तर हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक युवा खिलाड़ी और आम नागरिक इस आयोजन में हिस्सा लें तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक हों। जागरूकता वाहन के माध्यम से मैराथन से जुड़ी जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। बताया गया कि यह वाहन बीजापुर जिले में भ्रमण के पश्चात बस्तर के लिए रवाना होगा जहां 22 मार्च को आयोजित होने वाली बस्तर हाफ मैराथन में जिले के प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश को आगे बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *