छत्तीसगढ़

बीजापुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान 16 मार्च से शुरू

बीजापुर, 18 मार्च 2026/sns/-जिले में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन टीकाकरण अभियान 16 मार्च 2026 से प्रारंभ किया जा रहा है। यह अभियान भारत सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल का हिस्सा है, जिसके तहत जिले की पात्र किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा 28 फरवरी को किया गया था। इसी क्रम में जिला बीजापुर में भी अभियान शुरू किया जा रहा है।
अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव में सहायक माना जाता है। टीकाकरण के लिए किशोरियों को आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जिसके लिए आधार कार्ड या अन्य मान्य पहचान पत्र स्वीकार किए जाएंगे। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जा सकेगा।
टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। साथ ही टीकाकरण की पूरी जानकारी यू.विन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी जिससे लाभार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *