मुंगेली, 17 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए आधार पंजीयन बढ़ाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, महतारी जतन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी योजनाओं में लक्ष्य अनुरूप बेहतर प्रगति लाने बेहतर कार्ययोजना के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की प्रगति की समीक्षा करते हुए बेहतर मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। पथरिया में एनआरसी बंद होने और इसकी सूचना समय पर नहीं दिए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


