छत्तीसगढ़

गर्मी में पेयजल संकट न हो, अभी से बनाएं ठोस कार्ययोजना कलेक्टर

मुंगेली, 10 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की गहन समीक्षा की और लक्षित प्रगति लाने निर्देशित किया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में आमजनों को पेयजल की किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए अभी से ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जल समस्या वाले गांवों का ब्लॉकवार चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने भूजल स्तर, पानी की टंकियों, पंप और अन्य संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली तथा समस्या वाले क्षेत्रों में समय रहते समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी की एक बूंद भी बर्बाद न हो और शून्य लीकेज सुनिश्चित किया जाए। सभी कमर्शियल और घरेलू मकानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर से तालाब भरने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने बायोमेट्रिक अटेंडेंस के माध्यम से कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल और ऑर्डर ऑफ प्रेसिडेंस का पालन अनिवार्य रूप से करने के लिए कहा। उन्होंने महतारी वंदन सम्मेलन कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा और नगरपालिका पथरिया के सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, महतारी वंदन योजना, बच्चों के आधार पंजीयन आदि योजनाओं के संबंध में विकासखंडवार विस्तार से जानकारी ली और समय सीमा में आवश्यक प्रगति लाने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को फाइलों का आदान-प्रदान ई-ऑफिस के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली को पूरी तरह लागू कर कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जाए। बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए हीट वेव से बचाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों में ओआरएस सहित अन्य आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था तथा आमजनों को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने एफआरए अंतर्गत नामांतरण, विधिक वारिसान में नाम जोड़ने सहित अन्य प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और संवेदनशीलता से निराकरण करने कहा। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में राजस्व संग्रहण में बेहतर कार्य करने और राजस्व बढ़ाने के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मसाहती पट्टे के सर्वे प्रक्रिया की जानकारी ली और जल्द सर्वे पूरा कर पात्रतानुसार पट्टा प्रदान करने निर्देशित किया।
बैठक में उन्होंने चावल उत्सव के तहत पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने, समितियों से शीघ्र शतप्रतिशत धान उठाव करने, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति बढ़ाने, मनरेगा और एनआरएलएम के कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग अंतर्गत किसान पंजीयन, केवाईसी और आधार सीडिंग जैसे कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की जानकारी ली और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने तथा मासिक प्रगति खराब होने के कारण डीडीए सहित अधिकारियों की सेलरी रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने आदिवासी विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा की लक्षित प्रगति के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन स्कूलों का कार्य 14 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं उद्योग विभाग को जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर रणनीति बनाने को कहा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को पेंशन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, आधार सीडिंग और शिविर लगाकर दिव्यांगजनों को उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

पी एम सूर्यघर अंतर्गत इंस्टॉलेशन सहित लक्ष्यानुरूप प्रगति की हुई समीक्षा

 कलेक्टर ने पी एम सूर्यघर अंतर्गत इंस्टॉलेशन सहित लक्ष्यनुरूप प्रगति की समीक्षा की उन्होंने कहा कि पी एम सूर्यघर शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। सभी संबंधित अधिकारी लक्षित प्रगति के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें। योजना में धीमी प्रगति एवं लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाए जाएं तथा उन्हें योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने अवैध हुकिंग पर सख्त निगरानी रखने एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *