छत्तीसगढ़

महिला दिवस पर खेलों के माध्यम से सशक्तिकरण का संदेश

सुकमा, 09 मार्च 2026/sns/-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन सुकमा के तत्वावधान व कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में मिनी स्टेडियम सुकमा में जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले की महिलाओं और बालिकाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना तथा उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था।
प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों से 200 से अधिक प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकशी, 100 मीटर दौड़ तथा 4×100 मीटर रिले रेस सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका परिषद सुकमा के अध्यक्ष श्री हुंगा राम मरकाम द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री विश्वराज चौहान, श्री संजय सोढ़ी, श्री रंजीत बारठ तथा पार्षदगण सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को शील्ड, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की इस पहल से महिलाओं और बालिकाओं में खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ा है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *