छत्तीसगढ़

हर्बल गुलाल की खुशबू से महकेगा बलौदाबाजार-भाटापारा जिला, बिहान से जुड़कर वंदनी स्व सहायता समूह की महिलाएं बन रही हैं आत्मनिर्भर

बलौदाबाजार भाटापारा, 02 मार्च 2026/sns/-मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अब सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में बलौदाबाजार भाटापारा जिले के ग्राम धमनी की ‘वंदनी स्व सहायता समूह’ की 11 महिलाएं हर्बल गुलाल के निर्माण से अपनी तकदीर बदल रही हैं। ‘बिहान’ योजना के मार्गदर्शन में समूह की दीदियां प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर शुद्ध हर्बल गुलाल तैयार कर रही हैं, जिसे बाजारों में स्टॉल लगाकर बेचा जा रहा है।

समूह की महिलाओं का कहना है कि पहले वे केवल घर के कामों तक सीमित थीं, लेकिन राज्य सरकार की मदद और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) योजना से जुड़ने के बाद उन्हें एक नई पहचान मिली है। बाजार में उनके द्वारा बनाए गए गुलाल की भारी मांग है, जिससे होने वाली आय से न केवल उनकी आजीविका सुदृढ़ हो रही है, बल्कि वे आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर भी हो रही हैं। महिलाओं ने इस सकारात्मक बदलाव और अपने पैरों पर खड़े होने के अवसर के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इन योजनाओं ने उनके जीवन में खुशहाली के नए रंग भर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *