छत्तीसगढ़

किसान श्री भुनेश्वर मुचाकी ने मोबाईल पर आए मैसेज को दिखाकर जाहिर की अपनी खुशी

सुकमा, 02 मार्च 2026/sns/-राज्य शासन द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में आर्थिक संबल प्रदान करते हुए उनकी स्थिति को मजबूत बना रही है। योजना के अंतर्गत धान विक्रय करने वाले किसानों को समर्थन मूल्य के अतिरिक्त अंतर की एकमुश्त राशि प्रदान की गई है, जिससे किसान अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ खेती-किसानी को भी आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 28 फरवरी को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान विक्रय करने वाले किसानों को समर्थन मूल्य के अतिरिक्त अंतर की राशि प्रदान की है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि के अंतर्गत ग्राम उरमापाल निवासी किसान श्री भुनेश्वर मुचाकी ने बताया कि उन्हें कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत अंतर की एकमुश्त राशि सीधे खाते में 14 हजार 912 रूपए प्राप्त हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिला है। किसान श्री मुचाकी ने अपना मोबाईल दिखाते हुए मैसेज दिखाकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपनी खेती-किसानी को बढ़ाने के लिए उपयोग करना चाहते हैं, ताकि भविष्य में उनकी आय में और वृद्धि हो सके।
किसान श्री मुचाकी ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष लगभग 22 क्विंटल धान समर्थन मूल्य में धान खरीदी केन्द्र में जमा किया था। उन्होंने कहा कि सोसायटी में किसानों के लिए बहुत अच्छी सुविधाएं शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। किसानों को उनके उपज का सही मूल्य मिल रहा है। कृषक उन्नति योजना एवं समर्थन मूल्य से किसानों की आर्थिक उन्नति हो रही है। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना से किसानों की तकदीर बदल रही है और अब किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने एक किश्त में आदान सहायता राशि प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *