मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/-/ कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशानुसार जिले के शैक्षणिक संस्थानों में एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस एवं नशा मुक्त भारत अभियान जनजागरण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य मंे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सहायक संचालक (औषधि) के मार्गदर्शन में मुंगेली ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल रामगढ़, शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुंगेली एवं लोरमी ब्लॉक के शासकीय आईटीआई लोरमी में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए। दवाओं का अधूरा कोर्स छोड़ना या अनावश्यक रूप से एंटीबायोटिक का उपयोग करना एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस को बढ़ावा देता है, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों का उपचार कठिन हो सकता है। औषधि निरीक्षक श्रीमती किरण सिंह ने बताया कि केवल पंजीकृत चिकित्सक की सलाह पर ही दवाओं का सेवन करें और निर्धारित अवधि तक दवा का पूरा कोर्स लें। इसके साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने जागरूक नागरिक बनने तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
कोटपा एक्ट के तहत की गई 04 हजार रूपए की चालानी कार्रवाई
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत गठित प्रवर्तन दल द्वारा कोटपा एक्ट 2003 की धाराओं के तहत जिले के 53 तम्बाकू दुकानों में कार्रवाई की गई है। औषधि निरीक्षक श्रीमती सुमनलता कंवर ने बताया कि दाउपारा चौक की 11 दुकानों में 01 हजार 100 रूपए व शासकीय स्कूलों के पास की 10 दुकानों में 900 रूपए तथा पड़ाव चौक की 12 दुकानों में 01 हजार रूपए की चालानी कार्रवाई की गई है। इसी तरह लोरमी में 20 दुकानों में 01 हजार रूपए की चालानी कार्रवाई की गई है।



