छत्तीसगढ़

आबादी भूमि पर काबिज परिवारों का साकार होगा घर का सपना

मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 (सबके लिए आवास) के अंतर्गत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आबादी भूमि पर काबिज पात्र परिवारों को योजना से लाभान्वित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस निर्णय से ऐसे परिवारों का वर्षों पुराना पक्का मकान का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर क्षेत्र में 31 अगस्त 2024 से पूर्व किसी भी प्रकार की आबादी (प्रचलित अथवा सुरक्षित) भूमि पर काबिज हितग्राही योजना के लिए पात्र होंगे। इसके लिए आवेदक को उक्त तिथि से पूर्व कब्जे के साक्ष्य स्वरूप आबादी भूमि का पट्टा (अस्थायी/कालातीत), विद्युत देयक रसीद, संपत्तिकर रसीद और समेकित कर रसीद में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही संबंधित भूमि पूर्णतः विवादमुक्त होना आवश्यक है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लोरमी श्री चन्दन शर्मा ने बताया कि शासन के निर्णय के अनुपालन में ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। अब तक लगभग 67 ऐसे हितग्राहियों को चयनित किया गया है, जो आबादी भूमि पर काबिज हैं। उनकी सूची तैयार कर ली गई है और शीघ्र ही अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को प्रेषित की जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही को पक्का मकान निर्माण हेतु अधिकतम 02 लाख 82 हजार रुपये तक की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। नगर के पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना ऑनलाइन आवेदन शीघ्र प्रस्तुत करें। सत्यापन उपरांत पात्र पाए जाने पर उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *