छत्तीसगढ़

जिला प्रशासन की पहल से दूरस्थ ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

अंबिकापुर, 23 फरवरी 2026/sns/-  जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दूरस्थ एवं आश्रित ग्रामों में सीधे पहुंचाकर खाद्यान्न वितरण की अभिनव व्यवस्था लागू की गई है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशानुसार अब शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5 किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित ग्रामों में खाद्यान्न पहुंचाकर वितरण किया जा रहा है।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत उदयपुर के ग्राम पंचायत बकोई के आश्रित ग्राम खुझी तथा जनपद पंचायत बतौली के ग्राम पंचायत टीरंग के आश्रित ग्राम खुटापानी में हितग्राहियों को उनके ग्राम में ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। पूर्व में ग्रामीणों को खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय एवं श्रम दोनों की हानि होती थी। नई व्यवस्था से न केवल ग्रामीणों की समस्या का समाधान हुआ है, बल्कि शासन के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हुआ है। विशेषकर बुजुर्ग, महिलाएं एवं दिव्यांगजन को इस पहल से सीधा लाभ मिला है।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। दूरस्थ क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार ऐसी व्यवस्था निरंतर जारी रखी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र परिवार शासन की खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *