छत्तीसगढ़

बोर्ड परीक्षा अवधि में रात्रि 10 से प्रातः 06 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित

मुंगेली, 20 फरवरी 2026/sns/- शिक्षा सत्र 2026 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत आदेश जारी कर ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग प्रतिबंधित किया है। जारी आदेश के अनुसार परीक्षार्थियों के अध्ययन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 5(2) एवं धारा 10(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले की संपूर्ण सीमा में 20 फरवरी से 18 मार्च तक रात्रि 10 से प्रातः 06 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस अवधि में किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर, डीजे, ध्वनि विस्तारक यंत्र अथवा अन्य शोर उत्पन्न करने वाले उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए यह कदम विद्यार्थियों के हित में उठाया गया है, ताकि वे एकाग्रचित्त होकर अपनी तैयारी कर सकें।
उल्लेखनीय है कि यह आदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 13(1) के अंतर्गत पारित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिनियम की धारा 15 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकतानुसार सीमित अवधि के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त की जा सकेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आदेश का पालन करें एवं परीक्षा अवधि के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

66 परीक्षा केंद्रों में होगी बोर्ड परीक्षा, 18 हजार 844 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा के लिए 209 शासकीय एवं अशासकीय हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए 66 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कक्षा 10वीं में 10 हजार 991 नियमित तथा 203 स्वाध्यायी सहित कुल 11 हजार 194 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। वहीं कक्षा 12वीं में 07 हजार 488 नियमित एवं 162 स्वाध्यायी सहित कुल 07 हजार 650 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 18 हजार 844 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने केंद्रों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक चिकित्सा सुविधा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला स्तर पर 05 निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी दल गठित कर परीक्षा केंद्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *