छत्तीसगढ़

आंगनबाड़ी और विद्यालयों में कलेक्टर का औचक निरीक्षण

मुंगेली, 20 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विकासखंड मुंगेली के ग्राम बांकी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, पोषण आहार एवं ‘रेडी टू ईट’ मेन्यू की जानकारी ली तथा स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता की जांच की। कलेक्टर ने भोजन स्वच्छता के साथ पकाने, ताजी सब्जियों का उपयोग सुनिश्चित करने और पोषण मानकों का पालन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु उन्हें चॉकलेट भी वितरित की गई।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान जैतपुरी-बांकी सामुदायिक शौचालय में ताला बंद पाए जाने पर ब्लॉक समन्वयक को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही गांव में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जनपद सीईओ एवं संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े स्टाफ को नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला एवं उच्च माध्यमिक शाला बांकी का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में स्वच्छता की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा नकल रोकने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया और स्मार्ट क्लास के माध्यम से संचालित शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया। बच्चों से संवाद करते हुए उन्होंने परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया। कक्षा आठवीं की छात्रा बृहस्पति यादव के प्रश्न पर उन्होंने नियमित अध्ययन, लेखन अभ्यास तथा कठिन शब्दों को चिन्हित कर उनके अर्थ समझने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित लेखन अभ्यास करने, मोबाइल से दूरी बनाए रखने, नियमित समाचार पत्र पढ़ने तथा रेडियो समाचार सुनने एवं नियमित दिनचर्या का पालन करने प्रेरित किया। अंत में बच्चों को चॉकलेट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *