छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने ली खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक

अंबिकापुर, 20 फरवरी 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में राशन वितरण व्यवस्था, ई-केवाईसी प्रगति, धान उठाव तथा राशन कार्ड निर्माण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

नवीन दुकानें और सुगम परिवहन
कलेक्टर श्री वसंत ने निर्देशित किया कि राशन भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने 19 नवीन उचित-मूल्य राशन दुकानों के चिन्हांकन तथा पांच किलोमीटर से अधिक दूरी में वाले ऐसे 35 ग्रामों में राशन सामग्री के सुचारू परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित कर समय पर वितरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी फूड इंस्पेक्टरों को नियमित फील्ड विजिट कर उचित-मूल्य दुकानों में गुणवत्ता युक्त राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित फूड इंस्पेक्टर की होगी।

विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) समुदाय के शत-प्रतिशत राशन कार्ड निर्माण के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में कोई भी (PVTG) परिवार राशन से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

ई-केवाईसी और कार्ड सत्यापन
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में जारी एपीएल, निशक्तजन, प्राथमिकता, निराश्रित एवं अंत्योदय राशन कार्डों की जानकारी ली। ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा इसकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। संदिग्ध राशन कार्डों एवं फील्ड विजिट की साप्ताहिक प्रतिवेदन भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ई-केवाईसी प्रक्रिया की कैटेगरी-वाइज रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश
धान उठाव की जानकारी देते  हुए डीएमओ ने बताया कि जिले में लगभग 64 प्रतिशत धान का उठाव हो चुका है, कलेक्टर ने धान उठाव के लिए शत-प्रतिशत डीईओ काटने के निर्देश दिए, जिससे समय पर धान उठाव हो सके।

बैठक जिला खाद्य अधिकारी एस बी कांमठे, डीएमओ श्री अरूण विश्वकर्मा, धान अधिकारी श्री जेपी तिर्की सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *