बीजापुर, 17 फरवरी 2026/sns/-जिला खाद्य अधिकारी, बीजापुर (छत्तीसगढ़) ने स्पष्ट किया है कि जिले में ओबीसी वर्ग के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन अथवा रिफिल आपूर्ति नहीं दिए जाने की जानकारी पूर्णतः असत्य एवं निराधार है।
जिला प्रशासन ने बताया कि किसी भी तेल विपणन कंपनी OMCS द्वारा ओबीसी या अन्य किसी वर्ग के हितग्राहियों के लिए न तो रिफिल आपूर्ति पर रोक लगाई गई है और न ही नए उज्ज्वला कनेक्शन जारी करने पर कोई प्रतिबंध है। जिले में सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार गैस कनेक्शन एवं रिफिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में केवल पुराने पीएमयूवाई हितग्राहियों के लंबित ई-केवाईसी (e-KYC) सत्यापन को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश वितरकों को दिए गए हैं। यह प्रक्रिया पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा नियमित रूप से मॉनिटर की जा रही है, ताकि योजना का संचालन पारदर्शी और सुचारु रूप से हो सके।
इसके अतिरिक्त, उज्ज्वला योजना के पात्र परिवार गैस एजेंसियों के साथ-साथ Common Services Centres (CSC) केंद्रों के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। जिले के सभी पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को नजदीकी CSC केंद्र के माध्यम से आवेदन करने एवं ई-केवाईसी पूर्ण कराने हेतु प्रेरित करें।
जिला खाद्य अधिकारी ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। किसी भी श्रेणी के हितग्राहियों के लिए गैस रिफिल या नए उज्ज्वला कनेक्शन पर कोई रोक नहीं है। यदि किसी हितग्राही को किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे संबंधित गैस एजेंसी या खाद्य विभाग कार्यालय, बीजापुर से संपर्क कर सकते हैं।

